राजस्थान विधानसभा चुनावःकांग्रेस के 40 स्टार प्रचारक घोषित

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 40 स्टार प्रचारक घोषित कर दिए हैं। इनकी सूची चुनाव आयोग को भेजी गई है। इन स्टार प्रचारकों में छात्र संघ अध्यक्ष रह चुके कन्हैया कुमार, गुजरात के आंदोलनकारी नेता रहे जिग्नेश मेवानी और राजस्थान से कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश, प्रमोद जैन भाया, नीरज डांगी और धीरज गुर्जर को भी शामिल किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस की विज्ञप्ति के मुताबिक स्टार प्रचारकों में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, के. सी. वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभाध्यक्ष सी.पी. जोशी, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और हरीश चौधरी का नाम प्रमुखता से शामिल किया गया है।
इनके साथ ही हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक, तारिक अनवर, जितेंद्र सिंह, मधुसूदन मिस्त्री, शशि थरूर, गौरव गोगोई, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू, राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश, पंजाब के कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा, चरनजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वडंग, शक्ति सिंह गोहिल, शकील अहमद खान, पवन खेड़ा, राजबब्बर को भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा गया है।
स्टार प्रचारकों की सूची में कांग्रेस नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय, गोविंद राम मेघवाल, काजी मोहम्मद निजामुद्दीन, वीरेंद्र सिंह राठौर, बी. वी. श्रीनिवास और नीरज कुंदन को भी शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *