बड़े नेताओं को पुराना मंत्रालय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके 71 सदस्यों के मंत्रिपरिषद के शपथ लेने के 24 घंटे बाद सोमवार को शाम सात बजे विभागों का बंटवारा हुआ। शीर्ष चार मंत्रालयों में पुराने मंत्री ही रिपीट हुए। प्रधानमंत्री के बाद दूसरे नंबर पर शपथ लेने वाले राजनाथ सिंह फिर से रक्षा मंत्री बने हैं और अमित शाह को वापस गृह मंत्रालय मिला है। विदेश सेवा से रिटायर हुए अधिकारी एस जयशंकर फिर से विदेश मंत्री बने हैं। इसी तरह निर्मला सीतारमण को भी फिर से वित्त मंत्री बनाया गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। वे नरेंद्र मोदी की पहली सरकार में भी स्वास्थ्य मंत्री थे।

शीर्ष चार के अलावा भी भाजपा के ज्यादातर बड़े नेताओं को उनका पुराना मंत्रालय मिल गया है। नितिन गडकरी पहले की तरह सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय संभालते रहेंगे। उनके साथ दो राज्यमंत्री बनाए गए हैं। दिल्ली से पहली बार सांसद हुए हर्ष मल्होत्रा और उत्तराखंड के अजय टम्टा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में राज्यमंत्री होंगे। नरेंद्र मोदी की पिछली सरकार में रेल और संचार विभाग के मंत्री रहे पूर्व आईएएस अधिकारी अश्विनी वैष्णव को इस बार रेल मंत्रालय के साथ साथ सूचना व प्रसारण मंत्री भी बनाया गया है। धर्मेंद्र प्रधान पहले की तरह शिक्षा मंत्री बने रहेंगे और पीयूष गोयल इस बार भी वाणिज्य मंत्री रहेंगे। भूपेंद्र यादव को फिर से वन व पर्यावरण मंत्रालय का प्रभार मिला है।

भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्रियों को महत्वपूर्ण मंत्रालयों का प्रभार दिया गया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि और किसान कल्याण मंत्री बनाया गया है। साथ ही ग्रामीण विकास मंत्री भी बनाया गया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को शहरी विकास और ऊर्जा जैसे दो बड़े मंत्रालय मिले हैं। आवास मंत्रालय में तोखम साहू उनके राज्यमंत्री होंगे और ऊर्जा विभाग में श्रीपाद यशोनाईक राज्यमंत्री होंगे। मोदी की दूसरी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे मनसुख मांडविया को इस बार श्रम मंत्रालय मिला है। पहली बार केंद्र में मंत्री बने गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को जल शक्ति मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। झारखंड की अन्नपूर्णा देवी को महिला और बाल विकास मंत्रालय मिला है। कानून मंत्री रहे किरेन रिजीजू को संसदीय कार्यमंत्री बनाया गया है।

विदेश सेवा के पूर्व अधिकारी हरदीप सिंह पुरी को फिर से पेट्रोलियम मंत्री बनाया गया है। पिछली सरकार में कोयला मंत्री रहे प्रहलाद जोशी खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के मंत्री बने हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार और गिरिराज सिंह को कपड़ा मंत्रालय मिला है। गजेंद्र सिंह शेखावत को संस्कृति और पर्यटन मंत्री बनाया गया है।

सहयोगी पार्टियों में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग विभाग यानी एमएसएमई मंत्रालय मिला है। बिहार के ही लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान को खेल मंत्रालय दिया गया है और साथ ही खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय का प्रभार भी दिया गया है। जनता दल यू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को पंचायती राज के साथ मछली, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय मिला है। तेलुगू देशम पार्टी को कोटे से कैबिनेट मंत्री राममोहन नायडू को नागरिक विमानन मंत्रालय मिला है। कर्नाटक की भाजपा की सहयोगी जेडीएस के नेता एचडी कुमारस्वामी को उद्योग और इस्पात मंत्रालय मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *