एक्जिट पोल में एनडीए 350 पार

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी चरण का मतदान समाप्त होने के बाद आए एक्जिट पोल के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है। लगभग सभी मीडिया समूहों के एक्जिट पोल में भाजपा को तीन सौ से ज्यादा और एनडीए को साढ़े तीन सौ से ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। एक्जिट पोल में कई राज्यों में चौंकाने वाले नतीजे आने का दावा किया गया है। तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश तीनों राज्यों में भाजपा का खाता खुलता दिख रहा है तो पश्चिम बंगाल में उसकी सीटें बढ़ती दिख रही हैं।

एक दर्जन मीडिया समूहों और सर्वेक्षण एजेंसियों की ओर से किए गए सर्वेक्षणों के औसत यानी पोल ऑफ द पोल्स में एनडीए को साढ़े तीन सौ से ज्यादा सीटें मिल रही हैं और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को डेढ़ सौ से कम सीटें मिल रही है। पोल ऑफ द पोल्स के मुताबिक एनडीए को 359, ‘इंडिया’ को 145 और अन्य को 37 सीटें मिलेंगी। वोटों की गिनती चार जून को होगी यानी असली नतीजे के लिए दो दिन और इंतजार करना होगा।

शनिवार को देर रात तक आए एक्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक रिपब्लिक टीवी और पी मार्क ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 359, ‘इंडिया’ को 154 और अन्य को 30 सीटें मिलने का दावा किया है। इंडिया न्यूज और डी डायनेमिक्स ने एनडीए को 371, ‘इंडिया’ को 125 और अन्य को 47 सीट मिलने का दावा किया है। न्यूज नेशन के मुताबिक एनडीए को 342 से 378, ‘इंडिया’ को 153 से 169 और अन्य को 21 से 23 सीट मिलेगी। जन की बात ने एनडीए को 362 से 392, ‘इंडिया’ को 141 से 161 और अन्य को 10 से 20 सीट मिलने का अनुमान जाहिर किया है।

इंडिया टीवी और सीएनएक्स ने एनडीए की अधिकतम सीट चार सौ से ज्यादा बताई है। इसके मुताबिक एनडीए को 371 से 401, ‘इंडिया’ को 109 से 139 और अन्य को 28 से 38 सीटें मिलेंगी। हिंदी अखबार दैनिक भास्कर ने एक्जिट पोल नहीं किया है लेकिन अपने रिपोर्टर्स की फीडबैक के आधार पर उसने एक आंकड़ा पेश किया है। उसके मुताबिक एनडीए को 281 से 350, ‘इंडिया’ को 145 से 201 और अन्य को 33 से 49 सीटें मिलने का अनुमान है।

इसी तरह एबीपी न्यूज और सी वोटर ने एनडीए को 353 से 383, ‘इंडिया’ को 152 से 182 और अन्य को चार से 12 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। अगर राज्यवार आंकड़ों की बात करें तो एक्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक उत्तराखंड में सभी पांच सीटें भाजपा जीतेगी। छत्तीसगढ़ की 11 में से 10 सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी। पंजाब में भाजपा अपनी दो सीटें बचाने में कामयाब रहेगी, जबकि कांग्रेस और आप दोनों को पांच पांच सीटें मिलेंगी। एक सीट अकाली दल के खाते में जाएगी। हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटें भाजपा जीतेगी। तमिलनाडु की 39 में से 37 सीटें ‘इंडिया’ को मिल सकती हैं। गुजरात की सभी 26 सीटें भाजपा के खाते में जाएंगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा के 69 और ‘इंडिया’ के 11 सीट जीतने का अनुमान है।

पिछले कुछ समय से सबसे विश्वसनीय एजेंसी के तौर पर उभरी एक्सिस माई इंडिया ने इंडिया टुडे के लिए सर्वेक्षण किया है। इसके मुताबिक बिहार में एनडीए को 29 से 33 और ‘इंडिया’ को सात से 11 सीट मिलने का अनुमान है। इसने दिल्ली में छह से सात सीट एनडीए को और जीरो से एक सीट ‘इंडिया’ को दी है। इसने हरियाणा में भाजपा को छह से आठ और ‘इंडिया’ को दो से चार सीटें दी हैं। इसने गुजरात में भाजपा को 25 और ‘इंडिया’ को एक सीट दी है। इस एजेंसी ने राजस्थान में भाजपा को 16 से 19 और कांग्रेस को पांच से सात सीट दी है। एक्सिस माई इंडिया ने कर्नाटक में भाजपा को 20 से 22, जेडीएस को तीन और कांग्रेस को तीन से पांच सीट मिलने का अनुमान जताया है। इसका सबसे चौंकाने वाला अनुमान ओडिशा को लेकर है। इसके मुताबिक ओडिशा में भाजपा को 18 से 20 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बीजू जनता दल को जीरो से दो सीट मिलने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *