नड्डा और पदाधिकारी नियुक्त करेंगे

भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाए जाने की खबर है। जानकार सूत्रों के मुताबिक अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों और उसके अगले साल के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए भाजपा के पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कहा जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय अधय्क्ष जेपी नड्डा को एक साल का सेवा विस्तार मिलेगा या उन्हें तीन साल का दूसरा कार्यकाल भी मिल सकता है। दिसंबर तक इस बारे में फैसला हो जाएगा। उसी समय नड्डा अपनी टीम में कुछ और नए सदस्यों को शामिल करेंगे। पार्टी के मौजूदा पदाधिकारियों के कामकाज का भी बंटवारा नए सिरे से हो सकता है। संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति को छोड़ दें तो फिलहाल भाजपा के मुख्य पदाधिकारियों में 12 उपाध्यक्ष और 10 महामंत्री हैं, जो राज्यों के प्रभारी हैं और संगठन का काम संभालते हैं। इनके अलावा एक संयुक्त महामंत्री हैं।

भाजपा में बरसों से महामंत्री अधिकतम 10 ही होते हैं। उपाध्यक्षों की संख्या में जरूर कमी बेशी होती रहती है। पिछले काफी समय से नड्डा की टीम में आठ महामंत्री और एक संगठन महामंत्री काम कर रहे थे। कुछ दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल को राष्ट्रीय महामंत्री बना कर तीन राज्यों का जिम्मा दिया गया। मौजूदा महामंत्रियों में कैलाश विजयवर्गीय इकलौते हैं, जिनके पास कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं है। वे पश्चिम बंगाल के प्रभारी थे लेकिन वहां सुनील बंसल को जिम्मा दिया गया है। तभी कहा जा रहा है कि महामंत्रियों के कामकाज का बंटवारा नए सिरे से होगा और कुछ नए पदाधिकारी भी नियुक्त किए जा सकते हैं। हालांकि यह तय नहीं है कि उपाध्यक्ष या महामंत्री बनाए जाएंगे या सचिवों को जिम्मा दिया जाएगा। लेकिन जानकार सूत्रों के मुताबिक पार्टी चुनाव को लेकर कई नई योजनाओं और रणनीतियों पर काम कर रही है, जिसके लिए अतिरिक्त लोगों की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *