राहुल गांधी के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस ने किया शहीद स्मारक पर मौन सत्याग्रह

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस शहीद स्मारक पहुंची। बैक ड्रॉप में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी थे। एक तरफ राहुल गांधी और दूसरी तरफ राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के चित्र। राहुल गांधी को मानहानि मामले में गुजरात हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली। इस पर उनका साथ देने राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत प्रदेश कांग्रेस ने यहां मौन सत्याग्रह का आयोजन किया था।

सत्याग्रह में प्रदेश अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट समेत मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। दिन भर मंत्री, पदाधिकारी आते-जाते रहे। यहां आए नेताओं ने भाजपा पर मानहानि केस में राहुल गांधी को फंसाने और उनकी लोकसभा सदस्यता खत्म करने का आरोप लगाया और हमला बोला। सत्याग्रह शुरू होने से पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, महेश जोशी सहित कई मंत्रियों ने राहुल गांधी का समर्थन जताते हुए केंद्र पर वार किए। प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा- राहुल गांधी को भगवान और अदालत से इंसाफ मिलेगा

इंसाफ की गुहार : रंधावा
प्रभारी रंधावा ने कहा- हमेशा ही इंसाफ की गुहार लगती है। पहले हम भगवान से मांगते हैं, दूसरी बार हम अदालत से इंसाफ मांगते हैं। राहुल गांधी को दोनों से इंसाफ मिलेगा। अवमानना के मामले में पहली बार किसी को इतनी बड़ी सजा दी गई है। जिस तरह की सजा राहुल गांधी को दी गई है, वह न किसी को मिली और न मिलेगी।

माेदी ने देश की छवि बिगाड़ी: डोटासरा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा- बीजेपी ने अति कर दी है। इस देश की जनता अति को बर्दाश्त नहीं करती है। राहुल गांधी पर देश की छवि खराब करने का भाजपा आरोप लगा रही है। देश की छवि तो पीएम मोदी ने खराब की है, जबकि उन्होंने अमेरिका में अगली बार ट्रंप सरकार का नारा दिया था। देश में क्या चल रहा है। वह सबको पता है।

धरने में शामिल हुए पायलट, बोले- मेरी तीनों मांगें मान ली गई हैं
धरने में शामिल हुए सचिन पायलट ने कहा- केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। राहुल गांधी ने लोकतंत्र, अहिंसा, प्यार की बात की है। इसलिए उनको टारगेट किया जा रहा है। अपने मुद्दों के सवाल पर पायलट ने कहा- अब हम मिलकर चुनाव लडेंगे। कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। मैने जिन तीन मुद्दों को उठाया था, मेरी तीनों मांगें मान ली गईं हैं।
खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- पीएम मोदी कांग्रेस के लोगों को मारना चाहते हैं। हम झुकने वाले नहीं हैं। नए लोग तैयार हो जाएंगे। आप उस पार्टी को चुनौती दे रहे हो जो अंग्रेजों से भी नहीं डरी। कांग्रेस के नेता डरने वाले नहीं है।

हम बीजेपी से लड़ेंगे, झुकेंगे नहीं। खाचरियावास ने कहा- बीजेपी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बीजेपी की नीतियों से पूरे देश के लोग नाराज हैं। जितना बीजेपी झूठ फरेब और धोखा करेगी, उतना ही लोगों में रिएक्शन होगा। बीजेपी केंद्र सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियां क्या हैं यह बता दें और राजस्थान सरकार के कामकाज से तुलना करके देख लें, कितनेपानी में है। हमारा काम बोलता है। हमारे काम में कोई कमी हो तो हमसे सवाल करो लेकिन झूठे आरोप और ऐसी हरकतें मत कीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *