कांग्रेस शुरू करेगी ‘डोनेट फॉर देश’ अभियान

कांग्रेस पार्टी ने चंदा जुटाने के लिए क्राउड फंडिंग की मुहिम का ऐलान किया है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले फंड जुटाने के लिए कांग्रेस ने यह मुहिम चलाने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इस मुहिम का नाम ‘डोनेट फॉर देश’ यानी देश के लिए दान रखा है। 18 दिसंबर को दिल्ली से इसकी शुरुआत होगी। कांग्रेस ने अपनी स्थापना के 138 साल पूरे होने के मौके पर देश के हर घर से कम से कम 138 रुपए चंदा लेने का योजना बनाई है। इसके अलावा पार्टी ने अपने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को इस मुहिम में कम से कम 1,380 रुपए का योगदान देने को कहा है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस कर क्राउड फंडिंग मुहिम शुरू करने की घोषणा की। वेणुगोपाल ने कहा- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को अपने ऑनलाइन क्राउड फंडिंग अभियान, ‘डोनेट फॉर देश’ के लॉन्च की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक तिलक स्वराज कोष से प्रेरित है और इसका उद्देश्य एक श्रेष्ठ भारत बनाने में हमारी पार्टी को सशक्त बनाना है।

अभियान की आधिकारिक शुरुआत पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 18 दिसंबर को दिल्ली में करेंगे। इसके बारे में बताते हुए वेणुगोपाल ने कहा- हम अपने राज्य स्तरीय पदाधिकारियों, हमारे निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश अध्यक्षों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों में से सभी को कम से कम 1,380 रुपए का योगदान करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *