मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा के पक्ष में मतदान की अपील

– सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया रोड शो, रोड शो में उमडा जनसैलाब, महिलाओं ने दिखाई भागीदारी

जयपुर। जयपुर शहर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने आज सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों में जनसंपर्क किया। इस दौरान दोपहर बाद भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी रोड शो किया। उनके साथ भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा सहित शहर के विधायक, शहर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का रोड शो मानसरोवर से शुरू हुआ और रोड शो में भाग लेने के लिए समूचा सांगानेर विधानसभा क्षेत्र उमड पडा।

इससे पूर्व भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने सुबह भांकरोटा मंडल में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम व जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जयपुर का ​विकास अवरूद्ध कर दिया है। अब राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार से विकास की गति दुगुनी होगी।

उन्होंने कहा कि जयपुर के बाहरी इलाकों को पेयजल की आपूर्ति करवाना उनकी पहली प्राथमिकता है, उनका ध्येय रहेगा कि जयपुर के युवाओं को यहीं पर रोजगार के संसाधन मुहैया हो जाए और परकोटा क्षेत्र से किसी प्रकार का पलायन ना हो। इसके अलावा जिस तेजी से जयपुर शहर का फैलाव हो रहा है उसी तेजी से नई विकसित कॉलोनियों में भी सुविधाएं उपलबध हो सके, इस दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार की जननी है और कांग्रेस शासन के दौरान कई बडे घोटाले सामने आए। कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ खिलवाड किया, यहां हर भर्ती का पेपरलीक होता रहा लेकिन सरकार सोती रही। अब भाजपा सरकार ने तुरन्त एक्शन लेकर पेपरलीक माफिया को जेल भेजने का कार्य किया है।

आज सुबह भाजपा प्रत्याशी ने अपने जनसंपर्क कार्यक्रम की शुरूआत वार्ड नंबर 65 गणेश मंदिर भांकरोटा में प्रथम पूज्य भगवान गणेश जी की पूजा-अर्चना कर जयपुर परिवार की समृद्धि की कामना के साथ ही। इसके बाद उन्होंने बावड़ी केशोपुर, कमला नेहरू नगर एवं वास्तु श्रीकॉलोनी, नेहरू नगर, वास्तुश्री नगर एवं उद्धक बालाजी मांग्यावास में जनसंपर्क किया। जनसंपर्क में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजन ने जयपुर में भाजपा की विजय को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

वहीं दोपहर बाद मानसरोवर मध्यम मार्ग से मुख्यमंत्री का रोड शो शुरू हुआ। इस दौरान उनके साथ खुली जीप में भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा, सांसद रामचरण बोहरा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी मौजूद रहे वहीं अन्य वाहनों में महापौर सौम्या गुर्जर, उपमहापौर पुनीत कर्नावट, मंडल अध्यक्ष अशोक रावतानी, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज, मीडिया समन्वयक मुकेश भारद्वाज सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दो दर्जन स्थानों पर स्वागत

रोड शो रवाना होने के साथ ही आमजन में मुख्यमंत्री सहित भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा के स्वागत की होड मच गई। इसके चलते उनका थोडी थोडी दूरी पर ही भव्य स्वागत किया। इसके कारण छह किमी लंबे रोड के दौरान विभिन्न व्यापार मंडलो, भाजपा कार्यकर्ताओं, नागरिकों और विभिन्न समाजों की ओर से रोड शो का भव्य स्वागत किया हुआ। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों ने जेसीबी पर बैठकर फूलों की बारिश की।

भगवामय हुआ सांगानेर क्षेत्र

रोड शो के दौरान आमजन के साथ ही युवाओं और महिलाओं में गजब का उत्साह नजर आया। यहां स्वागत के लिए भी जगह जगह महिलाओं और युवाओं में ही होड मची रही। वहीं रोड शो के साथ पैदल चल रही महिलाओं ने सिर पर केसरिया साफा पहना हुआ था। इसके कारण मानसरोवर से लेकर सांगानेर तक रोड शो के दौरान पूरा इलाका भगवामय नजर आया। रोड शो के दौरान जहां नजर डालो वहीं भगवा ही भगवा नजर आने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *