अडाणी घूसकांड व मणिपुर हिंसा के खिलाफ जयपुर में शहीद स्मारक पर कांग्रेस का प्रदर्शन

गहलोत का भाजपा पर तंज : “जनता को समझ आया पिछली और इस सरकार में फर्क

जयपुर। शहीद स्मारक पर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी है, जहां राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी संसद में अडानी मामले को उठाते हैं, लेकिन उनकी आवाज को सदन में दबा दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा और राज्यसभा के सभापति, जो राजस्थान से हैं, को इस तरह के काम नहीं करने चाहिए जिससे उनका सम्मान कम हो।

गहलोत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी उद्योगपति के खिलाफ नहीं है, लेकिन अगर एक ही उद्योगपति को सारा फायदा दिया जाता है, तो सवाल उठना स्वाभाविक है। संसद में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए बयानों की आलोचना करते हुए गहलोत ने कहा, “कांग्रेस का झंडा ही देश को बचाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी संकट के समय ही अपने असली कार्यकर्ताओं को पहचान पाती है और आज जो कार्यकर्ता यहां आए हैं, वे असली कांग्रेसी हैं।

गहलोत ने आगे कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर राजनीति कर रही है, और हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही राजस्थान में पार्टी द्वारा किए जा रहे अच्छे कामों का भी उल्लेख किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “भाजपा वाले खतरनाक हैं, वे दादागिरी कर रहे हैं और जनता की परवाह नहीं करते। भाषणों से महंगाई नहीं घटेगी। अब जनता समझ चुकी है कि पिछली और इस सरकार में क्या फर्क है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *