दुनिया की आबादी आठ सौ करोड़ हुई
दुनिया की आबादी आठ सौ करोड़ हो गई है। मंगलवार को दुनिया के आठ सौ करोड़वें बच्चे ने जन्म लिया। इससे पहले 2011 में दुनिया की आबादी सात सौ करोड़ हुई थी। यानी 11 साल में आबादी में सौ करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड ने जुलाई में अनुमान लगाया था कि 15 नवंबर को दुनिया की आबादी आठ सौ करोड़ पहुंच जाएगी।
इसका यह अनुमान सही साबित हुई है। जनसंख्या की बढ़ोतरी पर नजर रखने वाली वेबसाइट वर्ल्डमीटर ने बताया है कि मंगलवार को भारतीय समय के मुताबिक दोपहर करीब डेढ़ बजे आठ सौ करोड़वें बच्चे ने जन्म लिया। इसके साथ ही दुनिया की आबादी भी आठ अरब हो गई है। दुनिया की आबादी में दो सौ करोड़ लोग पिछले 24 साल में जुड़े हैं। इससे पहले 1998 में दुनिया की आबाद छह सौ करोड़ थी, जो 2011 में सात सौ करोड़ हुई और 2022 में आठ सौ करोड़ हो गई है।
संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुमान के मुताबिक अब जनसंख्या बढ़ोतरी थोड़ी धीमी होगी और अगले आठ साल में यानी 2030 तक दुनिया की आबादी 850 करोड़ होगी। इस आकलन के मुताबिक 2050 तक दुनिया की आबादी 970 करोड़ पहुंच जाएगी। गौरतलब है कि 11 जुलाई 1987 को दुनिया की आबादी पांच सौ करोड़ हुई थी। इसलिए हर साल 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। एक अनुमान के मुताबिक ईसा के जन्म के समय दुनिया की आबादी 20 करोड़ थी, जिसे एक सौ करोड़ पहुंचने में 18 सौ साल लगे थे। उसके बाद सौ से दो करोड़ आबादी पहुंचने में 130 साल लगे थे।